हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय जून में हुईं पीजी के दूसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम घोषित नहीं कर पाया है। नवंबर अंत में पीजी कोर्स के अगले सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, मगर पिछले सेमेस्टर का परिणाम छात्रों को नहीं मिला है।
रिजल्ट जल्द घोषित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को एसएफआई की विवि इकाई का प्रतिनिधिमंडल परीक्षा नियंत्रक डा. जेएस नेगी से मिला।
इकाई उपाध्यक्ष प्रेम जसवाल, सह सचिव केवल कुमार सहित प्रतिनिधिमंडल में खास तौर पर शामिल एसएफआई राज्य सचिव सुरेश सरवाल ने परीक्षा नियंत्रक को मांगपत्र सौंपा। छात्र संगठन नेताओं ने कहा कि परीक्षा परिणाम न आने से छात्र परेशान हैं।
19 अक्तूबर से विवि के विभिन्न विभागों में एमफिल की सीटें भरने को काउंसलिंग होनी है, जिसमें पिछले परीक्षा परिणाम की जरूरत होगी। सरवाल ने कहा कि नतीजे घोषित न होने से उन छात्रों को भी परेशानी पेश आएगी, जिनकी री-अपीयर परीक्षा होनी है।
वे इसके लिए तैयारी नहीं कर पाएंगे। इसलिए जल्द से जल्द पीजी कोर्स की जून माह में हुई परीक्षा के नतीजे घोषित किए जाएं। जसवाल ने कहा कि परीक्षा नियंत्रक ने बीस अक्तूबर तक नतीजे घोषित करने का भरोसा दिया है।
जसवाल ने चेताया कि यदि तय तिथि तक परिणाम घोषित न किए तो एसएफआई छात्रों को साथ लेकर आंदोलन करेगी, जिसके लिए विवि प्रशासन जिम्मेदार होगा।