दो वर्षीय बीएड कोर्स में प्रवेश के लिए एचपीयू एक जून को प्रवेश परीक्षा लेगा। इसके लिए विद्यार्थियों को प्रदेश विवि के एडमिशन पोर्टल के माध्यम से 21 मई तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। शनिवार से पोर्टल पर आवेदन के लिए लिंक खोल दिया गया है। दो सरकारी और विवि से संबद्ध 73 निजी बीएड कॉलेजों की कुल 7700 सीटें भरने के लिए प्रवेश परीक्षा होगी।
मेरिट के आधार पर काउंसलिंग के बाद विवि के शिक्षा विभाग में सौ सीटें भरी जाएंगी। इनमें मेडिकल की तीस, नॉन मेडिकल की 50, आर्ट्स की 15 और कॉमर्स की 5 सीटें शामिल हैं। शिक्षा संस्थान धर्मशाला में 250 सीटें भरी जानी हैं। विवि से संबद्ध निजी कॉलेजों में सीटों के लिए तय सौ सीटों के यूनिट में 25 नॉन मेडिकल, 25 मेडिकल, 50 आर्ट्स और कामर्स की सीटें भरी जाती हैं।
प्रवेश परीक्षा के आधार पर ही निजी और सरकारी कॉलेजों में मेरिट को ध्यान में रखकर सीटें भरी जाएंगी। विवि के परीक्षा नियंत्रक की ओर से बीएड की प्रवेश परीक्षा का शेडयूल विज्ञापित कर दिया गया है। छात्र ऑनलाइन आवेदन के लिए www.admissions.hpushimla.in के माध्यम से प्रक्रिया पूरी करें।
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को देनी होगी एक हजार फीस
बीएड डिग्री कोर्स की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को एक हजार, जबकि एससी/एसटी और अन्य आरक्षित वर्ग श्रेणियों के अंत्योदय, आईआरडीपी अभ्यर्थियों को पांच सौ रुपये फीस देनी होगी। फीस क्रेडिट या डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग के माध्यम से देनी होगी।
हिमाचलियों से भरी जाएंगी 85 फीसदी सीटें
शिमला। बीएड कोर्स में मूल हिमाचली से 85 फीसदी सीटें भरी जाएंगी, जबकि 15 फीसदी सीटें अन्य राज्यों के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित होंगी।