हिमाचल प्रदेश विवि (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश विवि की कार्यकारिणी परिषद की वीरवार को साल 2020 की अंतिम बैठक कुलपति सिकंदर कुमार की अध्यक्षता में हुई। ईसी ने विवि प्रौद्योगिकी संस्थान (यूआईटी) में अगले शैक्षणिक सत्र से पांच विभागों आईटी, कंप्यूटर, सिविल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग में एमटेक और पीएचडी शुरू करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की।
कार्यकारिणी परिषद ने चयन समिति की सिफारिशों के बाद खुले लिफाफों के अनुसार जारी नियुक्ति पत्र पर विभागों में सेवा शुरू करने वाले शिक्षकों की सूची को भी स्वीकृति दी। अब तक 50 नए शिक्षकों की भर्ती हो चुकी है। परिषद ने पीठों के अध्यक्षों के लिए छुट्टियों से संबंधित पेश आ रही परेशानी का हल निकालने, निपटारा करने को प्रो एसएस चौहान की अध्यक्षता में समिति का गठन किया।
इसमें कुल सचिव और कार्यकारिणी परिषद सदस्य बिपन कुमार सदस्य बनाए गए। ईसी ने बीएड की ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए एचडीएफसी और आईसीआईसीआई बैंक को खाता खोलने की स्वीकृति दी गई।
बैठक में पूर्व प्रति कुलपति प्रो. एनके शारदा, प्रो वीपी शर्मा, विशेष सचिव (उच्चतर शिक्षा) राखी काहलों , निदेशक उच्चतर शिक्षा डॉ. अमरजीत शर्मा, प्रो. एसएस चौहान, डॉ. नीरा वालिया, प्रो. रंजना भान और गैर शिक्षक कर्मचारियों के प्रतिनिधि बिपन कुमार शामिल हुए। बैठक की कार्यवाही का संचालन कुलसचिव सुनील शर्मा ने किया।