हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने जुलाई 2016 के यूजी बैच के पहले सेमेस्टर का पांच माह बाद परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। विवि ने घोषित नतीजे का गजट तैयार कर ई शिक्षा परीक्षा वेबसाइट पर कॉलेज प्राचार्यों की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया है। एचपीयू ने 90 फीसदी परिणाम घोषित कर दिया है।
शेष दस फीसदी नतीजे इकडोल के छात्रों और अन्य रेगुलर छात्रों के हैं, जिनके अवार्ड आने या अंक विभाजन जैसी दिक्कतों के चलते नतीजे घोषित नहीं हो सके हैं। इस परीक्षा में कुल 40 हजार से अधिक छात्र अपीयर हुए थे।
जिन छात्रों के नतीजे घोषित नहीं हुए हैं, या पूरा परिणाम नहीं निकल पाया है, वे कॉलेजों में बनाए गए रूसा मार्गदर्शन केंद्रों के माध्यम से विवि को रिजल्ट सेटलमेंट के लिए आवेदन कर सकते है।
विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. जेएस नेगी ने माना कि रूसा सीबीसीएस के तहत दिसंबर माह में आयोजित की गई पहले सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम घोषित कर रूसा की दी गई अलग साइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
छात्र अपने लागइन आईडी से अपने परिणाम को देखने के साथ डाउनलोड भी कर सकते हैं। इस बैच के छात्रों के दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं मई माह में समाप्त हो गई है। इसके नतीजे के लिए भी छात्रों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।