विवि प्रशासन आज यूजी प्रथम वर्ष का परिणाम घोषित कर सकता है। इससे परीक्षा में बैठे 44,440 परीक्षार्थियों का इंतजार समाप्त हो सकता है। इसी परिणाम के कारण कॉलेजों में मनोनयन से मेरिट आधार पर एससीए गठन करना भी मुश्किल हो रहा है।
ऐसे में विवि प्रशासन बुधवार देर शाम तक परिणाम को घोषित कर सकता है। पुराने सीबीसीए सिस्टम में चौथे सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम घोषित होने में अभी समय लग सकता है।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने माना कि यूजी के प्रथम वर्ष की परीक्षा में बैठे सत्र 2018-19 के पहले बैच का परिणाम तैयार है। इसे आज घोषित किए जाने की कोशिश रहेगी।
नतीजा घोषित हुआ, तो ही हल होगी एससीए मनोनयन में आ रही समस्या
यदि विवि प्रशासन बुधवार को प्रथम वर्ष का परिणाम घोषित कर देता है, तो कॉलेजों को इसी रिजल्ट के आधार पर प्रथम वर्ष में मेरिट में रहने वाले छात्रों को एससीए के लिए मनोनित करने को कसरत करनी पड़ेगी। विवि के कुलसचिव कार्यालय की ओर से हर हाल में बारह सितंबर को एससीए मनोनयन की प्रक्रिया पूरी कर सूची जारी करने के निर्देश दिए हैं।