प्रदेश विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग ने एमएड कोर्स की सत्र 2018-20 के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। इसमें विवि के विभाग की कुल 50 सीटों में सिर्फ 42 सीटें भरी गई हैं। इनमें भी अनुसूचित जाति की तय सीटों के लिए भी उम्मीदवार नहीं मिल पाए।
इस कारण पांच सीटें जनरल कोटे से कनवर्ट कर भरनी पड़ीं। शारीरिक रूप से अक्षम के कोटे की खाली रहीं तीन सीटों को भी सामान्य वर्ग के कोटे से भरा गया। शिक्षा विभाग की डीन प्रो. सुदर्शना राणा ने बताया कि काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी कर चयनित अभ्यर्थियों की सूची विवि की वेबसाइट और पोर्टल पर उपलब्ध करवा दी गई है।
तय शुल्क/फीस जमा करवाने के लिए 22 से 26 अक्तूबर तक पोर्टल खुला रहेगा। इस दौरान फीस जमा न हुई तो सीट को पुन: आवंटित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि निजी कॉलेजों की सिर्फ पांच सीटें भी भरी जा सकी हैं।
वेबसाइट पर उपलब्ध सूची के मुताबिक ओपन फॉर आल वर्ग में 10, जनरल ओपन कोटे में 22, एससीए ओपन में दो, जनरल कोटे से एससीए की खाली रही पांच सीटें, जबकि पीडब्लूडी की खाली रही तीन सीटों को जनरल कोटे में कनवर्ट कर भरा गया है। उन्होंने कहा कि विवि के शिक्षा विभाग की विभिन्न श्रेणी की आठ सीटें अभी भी खाली रह गई है, वहीं दो निजी कॉलेजों की दर्जनों सीटें भी खाली रह गई हैं।