हिमाचल प्रदेश विवि के बिजनेस स्कूल ने शैक्षणिक सत्र 2017-19 के लिए आयोजित प्रवेश प्रक्रिया के तहत नॉन सब्सिडाइज्ड कोटे की 60 सीटों की प्रवेश सूची जारी कर दी है।
इन पदों के लिए हुए साक्षात्कार और जीडी के आधार पर यह सूची तैयार कर जारी की गई है। एचपीयू बिजनेस स्कूल के निदेशक प्रो. श्याम लाल कौशल ने कहा कि नान सब्सिडाइज्ड सीटों के तहत प्रवेश लेने वाले और वेटिंग लिस्ट में शामिल किए गए छात्रों की सूची जारी कर दी गई है।
इसे संस्थान की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है। चयनित किए छात्रों को 29 जुलाई तक दोपहर एक बजे तक तय फीस जमा करवानी होगी।
छात्रों को ग्यारह हजार की फीस को डेबिट या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से और एक लाख की फीस का डिमांड ड्राफ्ट निदेशक एचपीयूबीएस शिमला के नाम से जमा करवाना होगा।
मेरिट के आधार 60 चयनित उम्मीदवारों के अलावा बीस छात्रों को वेटिंग लिस्ट जारी की गई है, जबकि तीन वार्ड आफ एचपीयू इंप्लाइज को सीटें आवंटित की गई हैं।
फीस जमा करवाने के समय छात्र को अपने शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र और वार्ड आफ यूनिवर्सिटी इंप्लाइज साथ लाने होंगे।
इसकी फोटो कॉपी विभाग में जमा करवानी होगी। वहीं एचपीयू के अलावा स्नातक की परीक्षा अन्य विश्वविद्यालय से पास करने वाले छात्र को माइग्रेशन सर्टिफिकेट प्रवेश के एक माह के भीतर जमा करवाना होगा।