जिन छात्रों ने पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी तो अब वे भी दोबारा परीक्षा देकर ग्रेजुएशन पूरी कर सकते हैं।
- फोटो : फाइल फोटो
एचपीयू ने पुराने ईयर सिस्टम की तर्ज पर रूसा सीबीसीएस में भी ड्रॉपआउट छात्रों को दोबारा प्रवेश लेकर डिग्री पूरी करने की इजाजत दी है।
बीच में पढ़ाई छोड़ने के अलग-अलग कारणों के बाद यदि स्टूडेंट्स डिग्री तय समयसीमा में लेना चाहते हैं तो वे कॉलेज में बतौर रेगुलर छात्र अगले सेमेस्टर में प्रवेश लेकर डिग्री पूरी कर सकेंगे।
प्रदेश विवि की रूसा लागू करने को गठित विशेष कमेटी की बैठक में लिए फैसले को आधार मानकर इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। कॉलेजों को भी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
विवि के कुलसचिव डा. पंकज ललित ने कहा कि ईयर सिस्टम में भी छात्र को बीच में पढ़ाई छोड़ जाने के बावजूद प्रवेश देकर डिग्री पूरी करने का मौका दिया जाता रहा है।
विवि के ऑर्डिनेंस में रहे प्रावधानों के मुताबिक रूसा सीबीसीएस में भी इसे लागू कर दिया है। इससे प्रदेश के सैकड़ों छात्रों को राहत मिलेगी।
25 जून को हुई थी कमेटी की बैठक
ड्रॉपआउट छात्रों को डिग्री पूरी करने का मौका देने का फैसला 25 जून को विवि में हुई रूसा मॉनीटरिंग कमेटी की बैठक में लिया गया था। बैठक प्रति कुलपति प्रो. राजेंद्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई थी। कुलपति से मंजूरी मिलने के बाद कॉलेजों को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
संजौली कॉलेज की छात्रा ने उठाया था मामला
संजौली कॉलेज की एक छात्रा ने जेबीटी कोर्स में प्रवेश होने पर बीएससी सेकेंड ईयर 2014 के बैच के बाद जेबीटी में प्रवेश मिलने पर यूजी कोर्स आधे में छोड़ दिया था। दो साल बाद उसने जब प्रवेश को आवेदन किया तो उसे प्रवेश से इनकार किया गया।
इस पर उसने विवि के समक्ष मामला उठाया था। छात्रा के मामले पर गौर कर उसे दोबारा प्रवेश की अनुमति दी गई।
रेगुलेशन 2.4 में पहले से है यह प्रावधान
एचपी यूनिवर्सिटी
- फोटो : फाइल फोटो
विवि के यूजी कोर्स के लिए बनाए रेगुलेशन 2.4 में यूजी डिग्री कोर्स पूरा करने को पांच साल की समयसीमा तय है। कमेटी ने रेगुलेशन 2.4.1 में सीबीसीएस में यूजी डिग्री कोर्स पूरा करने को न्यूनतम तीन और अधिकतम पांच साल समयसीमा तय की है।
नए रेगुलेशन के मुताबिक छात्र को अधिकतम दो साल के गैप अंतराल के बावजूद डिग्री पूरी करने का मौका देने का प्रावधान किया है। छात्र को दोबारा प्रवेश लेने पर अंडरटेकिंग देनी होगी कि वह गैप के दौरान किसी गैर कानूनी गतिविधि में संलिप्त नहीं रहा। उसे माइग्रेशन और चरित्र प्रमाण पत्र जमा करवाना होगा।
Published By Ashok Chauhan