हिमाचल प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर ने स्पॉट एडमिशन राउंड का शेड्यूल जारी कर दिया है। सीटें खाली रहने की समस्या से जूझ रहे प्रदेशभर के प्राइवेट महाविद्यालयों के लिए यह राहत भरी खबर है। टेक्निकल यूनिवर्सिटी 9 अगस्त से स्पॉट एडमिशन राउंड का आयोजन राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू हमीरपुर में करने जा रहा है।
शेड्यूल के मुताबिक बीटेक और बी-फार्मेसी लेटरल एंट्री के दाखिले 9 अगस्त को सुबह 9 बजे से शुरू होंगे। जबकि बीटेक डायरेक्ट एंट्री के तहत 10 अगस्त को दाखिले होंगे। स्नातकोत्तर कक्षाओं एमबीए, एमसीए, एमटेक, एम-फार्मेसी में दाखिले 11 को, जबकि बी-फार्मेसी आयुर्वेदा और बी-फार्मेसी एलोपैथी के लिए 12 अगस्त को एडमिशन होगी।
जो विद्यार्थी किसी कारणवश हिमाचल प्रदेश कॉमन एंट्रेंस टेस्ट-2016 और जेईई-2016 नहीं दे पाए हैं, वह विद्यार्थी भी इस स्पॉट राउंड में भाग ले सकते हैं। प्रवेश परीक्षा के बिना भी जो विद्यार्थी बारहवीं कक्षा में 50 (आरक्षित वर्ग) और (अनारक्षित वर्ग) 55 फीसदी अंकों के साथ उत्तीर्ण हैं, वह इस स्पॉट राउंड में भाग ले सकते हैं।