हिमाचल प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर से प्रोफेशनल डिग्री कोर्स करने वाले विद्यार्थी अब घर बैठे अपना सारा रिकॉर्ड खुद जान सकेंगे। टेक्निकल यूनिवर्सिटी आउटोमेशन नाम से एक सॉफ्टवेयर का निर्माण करने जा रही है। इस सॉफ्टवेयर के बाद टेक्निकल यूनिवर्सिटी के अधीन चल रहे प्रदेश के तमाम महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी अपना इनरोलमेंट स्टेटस, परीक्षा, सेमेस्टर वाइज स्कोर कार्ड, डिटेल मार्क्सशीट, रि-अपीयर और एग्जाम फीस समेत सारी जानकारी इंटरनेट के जरिये हासिल कर सकेंगे।
विद्यार्थियों को बार-बार टेक्निकल यूनिवर्सिटी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी। अभी टेक्निकल यूनिवर्सिटी के अधीन इंजीनियरिंग, फार्मेसी और एमबीए करने वाले विद्यार्थी मैनुअल तरीके से एडमिशन, एग्जाम, रि-अपीयर और फीस आदि जमा करवाते हैं। प्रदेश में टेक्निकल यूनिवर्सिटी के अधीन वर्तमान में चालीस से अधिक महाविद्यालय चल रहे हैं, जहां इंजीनियरिंग, फार्मेसी और एमबीए की पढ़ाई हो रही है।
आउटोमेशन सॉफ्टवेयर पर हो रहा कार्य
हिमाचल प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर के परीक्षा नियंत्रक प्रो. वीपी पटियाल ने कहा कि विवि ने आउटोमेशन सॉफ्टवेयर तैयार करने का निर्णय लिया है। इससे तकनीकी विवि के अधीन महाविद्यालयों में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों को बार-बार महाविद्यालय और यूनिवर्सिटी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस संबंध में एक निजी कंपनी से बात चल रही है।
प्रदेश के इन 63 महाविद्यालयों में मिल रही तकनीकी शिक्षा
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय, हमीरपुर।
प्रदेश में इंजीनियरिंग के सरकारी क्षेत्र में 4 महाविद्यालय, जबकि 14 निजी महाविद्यालय हैं। फार्मेसी के तीन सरकारी, 13 प्राइवेट कॉलेज, एमबीए के 3 सरकारी, जबकि 12 प्राइवेट, एमसीए का एक सरकारी, जबकि दो प्राइवेट, एम-टेक के 8 और एम-फार्मेसी के 4 महाविद्यालय जो निजी क्षेत्र में चल रहे हैं। इन महाविद्यालयों हजारों की संख्या में विद्यार्थी टेक्निकल एजूकेशन हासिल कर रहे हैं।
इंजीनियरिंग कॉलेजों में इन विषयों में होती है पढ़ाई
प्रदेश में चल रहे इंजीनियरिंग कॉलेजों में सिविल इंजीनियरिंग, मेकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल इंजीनियरिंग और ऑटोमाबाइल में इंजीनियरिंग होती है।