बीबीए डिग्री कोर्स में अब बिना प्रवेश परीक्षा के भी दाखिला मिल जाएगा। प्रदेश सामान्य प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले सैकड़ों युवाओं को प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने राहत दी है। विवि ने स्पॉट एडमिशन का अहम निर्णय लिया है। प्रदेश तकनीकी विवि ने मार्च माह में बारहवीं कक्षा पास प्रदेश भर के युवाओं से एचपीसीईटी-2019 के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे थे।
लेकिन 11 मई 2019 को निर्धारित शेड्यूल के बावजूद विवि बीबीए के लिए प्रवेश परीक्षा नहीं ले पाया। इससे आवेदन करने वाले विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति बन गई थी। विद्यार्थी भविष्य को लेकर चिंतित थे। युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अब विवि ने स्पॉट एडमिशन का निर्णय लिया है। स्पॉट एडमिशन में विद्यार्थियों को बारहवीं कक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर दाखिला मिलेगा।
प्रदेश तकनीकी विवि के अधीन प्रदेश भर में 43 से अधिक इंजीनियरिंग, फार्मेसी, एमबीए, बीबीए और होटल मैनेजमेंट समेत स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री कोर्स की पढ़ाई करवाने वाले महाविद्यालय चल रहे हैं। तकनीकी विवि इन महाविद्यालयों में हर वर्ष सामान्य प्रवेश परीक्षा का संचालन करवाता है। प्रवेश परीक्षा के आधार पर विवि के अधीन चल रहे महाविद्यालयों में दाखिला मिलता है।
तकनीकी विवि के डीन अकादमिक डॉ. कुलभूषण चंदेल ने बताया कि किन्हीं कारणवश बीबीए के लिए कॉमन एंट्रेंस टेस्ट नहीं हो पाया। जिन विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया था, उन्हें अब स्पॉट एडमिशन राउंड में दाखिला मिलेगा।