हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों एमबीए, एमसीए, एमसीए (लेटरल एंट्री), एमटेक तथा एम-फार्मेसी में प्रवेश के लिए आवेदन की तारीख 15 जुलाई तक बढ़ा दी है।
काउंसलिंग की तिथियों में कोई फेरबदल नहीं किया है। विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक डा. एनएन शर्मा ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2016-17 में छात्रों के हित को ध्यान में रखकर आवेदन की तिथि बढ़ाई गई है।
इससे पहले विवि ने 13 जुलाई तक स्नातकोत्तर कक्षाओं में दाखिले को आवेदन मांगे थे। पिछड़े क्षेत्र, डिफेंस तथा स्पोर्ट्स वर्ग में आवेदक छात्रों को प्रमाण पत्रों का सत्यापन काउंसलिंग के लिए राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय बडू, हमीरपुर में पूर्व निर्धारित तिथियों पर प्रात: 9 बजे पहुंचकर संबंधित अधिकारियों से करवाना होगा।
इसके अतिरिक्त प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि ई-मेल से 15 जुलाई सायं 5 बजे तक भेजनी होगी। अपना आवेदन ऑनलाइन विश्वविद्यालय को उपरोक्त निर्धारित तिथियों तक कर सकते हैं।