बी-फार्मेसी डायरेक्ट एंट्री और बी-फार्मेसी आयुर्वेदा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के लिए महज पांच दिन शेष बचे हैं। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में एक जून से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। बी-फार्मेसी डायरेक्ट एंट्री और बी-फार्मेसी आयुर्वेदा के लिए 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा होगी।
बी-फार्मेसी लेटरल एंट्री 22 जुलाई, बीटेक डायरेक्ट एंट्री 27 जून, बीटेक लेटरल एंट्री, एमटेक, एम-फार्मेसी, एमबीए, एमसीए डायरेक्ट एंट्री और एमसीए लेटरल एंट्री के लिए 11 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है। तकनीकी विवि से संबंद्ध प्रदेश के 18 इंजीनियरिंग महाविद्यालयों, 16 फार्मेसी, 8 एमबीए और 4 एमसीए कॉलेजों में काउंसलिंग के माध्यम से दाखिला दिया जाएगा।
विवि ने काउंसलिंग में भाग लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। बी-फार्मेसी एलोपैथी और बी-फार्मेसी आयुर्वेदा की काउंसलिंग का प्रथम चरण 20 जून से शुरू होगा।
3 जुलाई को बीटेक, एम-फार्मेसी, एमबीए और एमसीए में 17 जुलाई, जबकि एमटेक में 18 जुलाई से काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। उधर, तकनीकी विवि के डीन अकादमिक डा. एनएन शर्मा ने कहा कि काउंसलिंग का शेड्यूल और ऑनलाइन आवेदन की तिथियां घोषित कर दी गई हैं।
एमबीए में डिप्लोमा देने वाला देश का पहला विवि
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर एमबीए में एक वर्षीय डिप्लोमा देने वाला देश का पहला विश्वविद्यालय बन गया है। मास्टर इन बिजेनस एडमिनिस्ट्रेशन दो वर्षीय डिग्री कोर्स है।
लेकिन अगर किसी कारणवश किसी विद्यार्थी को एक वर्ष की पढ़ाई के बाद डिग्री कोर्स बीच में ही छोड़ना पड़ जाए तो उसे एक वर्षीय डिप्लोमा दिया जाने का प्रावधान विवि ने कर दिया है। विवि की एकेडमिक काउंसिल और बोर्ड ऑफ गवर्निंग बॉडी ने बीते वर्ष यह अहम निर्णय लिया है।