हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर शुक्रवार और शनिवार को आयुर्वेदिक विभाग, शिक्षा और आईपीएच विभाग में 400 पदों पर भर्ती के लिए छंटनी परीक्षा का आयोजन करेगा। इसके लिए आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। नौ जून को सुबह के सत्र में 10 बजे से पंप ऑपरेटर्स के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन करेगा।
जबकि सायं के सत्र में 2 बजे से आयुर्वेदिक विभाग में फार्मासिस्ट के पदों के लिए लिखित परीक्षा होगी। आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट की भर्ती परीक्षा के लिए आयोग ने प्रदेश में चार जिलों हमीरपुर, मंडी, शिमला और कांगड़ा में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। जबकि पंप ऑपरेटर्स, कला अध्यापक और शारीरिक शिक्षक के लिए भर्ती परीक्षा का आयोजन जिला मुख्यालय स्तर पर होगा। ड्राइंग टीचर के लिए भर्ती परीक्षा 10 जून को सुबह के सत्र में होगी, जबकि शारीरिक अध्यापक के लिए सायं के सत्र में परीक्षा होगी।
आयोग के सचिव डा. जितेंद्र कंवर ने कहा कि पंप ऑपरेटर्स के 250 पद, आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट के 148, ड्राइंग टीचर के 79, जबकि शारीरिक अध्यापक के 118 पद भरे जाएंगे। पंप ऑपरेटर्स के लिए प्रदेश में 44 परीक्षा केंद्र, आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट के 14 परीक्षा केंद्र, ड्राइंग टीचर के लिए 24 और शारीरिक अध्यापक के 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। आयोग ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के लिए टीम रवाना कर दी हैं।
एडमिट कार्ड नहीं है तो लाएं ये दस्तावेज
कई अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि आयोग की वेबसाइट ठीक ढंग से काम नहीं कर रही है और उनके एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हो रहे हैं। इस बारे में आयोग के सचिव डा. जितेंद्र कंवर ने कहा कि अगर किसी अभ्यर्थी के पास एडमिट कार्ड नहीं है तो वह परीक्षा केंद्र के बारे में वेबसाइट पर जानकारी हासिल कर अपने साथ दो पासपोर्ट साइज के फोटोग्राफ और आधार कार्ड की फोटो कॉपी साथ लेकर आएं।