कर्मचारी चयन आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. मोहन लाल झारटा
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर शीघ्र टोल फ्री नंबर शीघ्र शुरू करेगा। इससे अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित पूछताछ के लिए बार-बार आयोग कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। टोल फ्री नंबर की सुविधा मिलने से दूरदराज क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को चयन परीक्षा के बारे में आवश्यक जानकारी लेने में आसानी होगी।
कर्मचारी भर्ती चयन प्रक्रिया में और अधिक तेजी और जरूरी सुधार लाने को भी कारगर कदम उठाए जाएंगे। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में राज्य अधीनस्थ चयन के आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. मोहन लाल झारटा ने कहा कि सभी कर्मचारी आपसी सहयोग के साथ एक टीम के रूप में कार्य करेंगे।
आयोग के कार्यों में पारदर्शिता को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। चयन प्रक्रिया को समयबद्ध पूरा करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आयोग की वेबसाइट को और भी बेहतर बनाने के लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे। हिमाचल पब्लिक
सर्विस कमीशन के साथ मिलकर चयन प्रक्रिया को और भी सुदृढ़ बनाया जाएगा। कर्मचारी चयन आयोग के कर्मचारियों की पदोन्नति तथा रिक्त पदों को भरने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। आयोग के कर्मचारियों को आवासीय सुविधा के लिए भी भूमि की तलाश की जाएगी।