हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शुक्रवार देर शाम एसओएस आठवीं कक्षा का परिणाम घोषित किया। शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि मार्च माह में संचालित की गई परीक्षाओं में प्रदेश भर में विभिन्न केंद्रों में 345 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिसमें 88 पास हुए हैं, जबकि 181 फेल हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि री-अपीयर एवं फेल परीक्षार्थी पुनर्निरीक्षण के लिए अपने अध्ययन केंद्र के माध्यम से 25 मई तक 400 रुपये प्रति विषय के हिसाब में शुल्क देकर आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा री-अपीयर और फेल विद्यार्थी भी जून में होने वाली परीक्षाओं में पेपर देने के लिए 25 जून तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन करना होगा। ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे।
जिन अभ्यर्थियों को अपने परिणाम को लेकर कोई समस्या है तो वे सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बोर्ड कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। वहीं परिणाम बोर्ड की वेबसाइट में अपलोड कर दिया है।