राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड शैक्षणिक सत्र 2019-20 के लिए विद्यार्थियों का पंजीकरण करेगा। प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों में नौवीं से जमा दो की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों का 50 रुपये फीस के साथ पंजीकरण होगा।
पहले से पंजीकृत विद्यार्थियों को पहले से आवंटित पंजीकरण नंबर से ही पंजीकरण होगा। स्कूल पांच से 30 सितंबर तक विद्यार्थियों का पंजीकरण बोर्ड की वेबसाइट www.hpbose.org पर ऑनलाइन करवा सकते हैं।
साथ ही प्रपत्र के अनुसार सूचना भी प्रपत्र अनुसार भरकर भेजनी होगी। समय पर पंजीकरण न किए जाने की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के मुखिया की होगी। पंजीकरण के लिए परीक्षार्थी का नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्म तिथि, लिंग और श्रेणी आदि की जानकारी देनी होगी।
उधर, राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि सरकारी और निजी स्कूलों के नौवीं से जमा दो तक की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाना होगा। बोर्ड से निर्धारित तिथि के बाद किसी भी विद्यार्थी का पंजीकरण नहीं होगा।