हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने टेट टीजीटी आर्ट्स, जेबीटी और टीजीटी मेडिकल की अध्यापक पात्रता परीक्षा की अस्थाई आंसर-की जारी कर दी है। बोर्ड ने परीक्षा से संबंधित सभी ए, बी, सी और डी सीरीज की अस्थायी उत्तर कुंजी जारी की है।
आंसर-की से संबंधित किसी भी प्रकार की कोई आपत्ति होने पर अभ्यर्थी तीन अक्तूबर से बोर्ड कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए अपनी आपत्ति प्रमाणित करने के लिए संबंधित पुस्तक के तथ्यों की जानकारी भी देनी होगी।
उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव अश्वनी राज शाह ने बताया कि तीन और दस सितंबर को उक्त परीक्षा बोर्ड ने ली थी। उन्होंने बताया कि उत्तर कुंजी बोर्ड की वेबसाइट www.hpbose.org पर उपलब्ध है।
कोई भी आपत्ति होने पर अभ्यर्थी बोर्ड को फैक्स, ई-मेल या फिर बोर्ड कार्यालय में आकर अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी मौखिक या लिखित आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।