कोरोना लॉकडाउन के तीसरे चरण को बढ़ाने के बाद अब स्कूल शिक्षा बोर्ड के शेष परीक्षा के आयोजन को लेकर अभी संशय बरकरार है। हांलाकि स्कूल शिक्षा बोर्ड बारहवीं कक्षा की शेष बची बोर्ड परीक्षाओं में अब सिर्फ भूगोल विषय की परीक्षा लेने की हामी भर रहा है, लेकिन अभी इसकी तिथि फाइनल नहीं की गई है, जबकि आईटी और वोकेशनल कोर्स की परीक्षा अब नहीं होगी।
बोर्ड ने बारहवीं कक्षा की आईटी और वोकेशनल कोर्सों की परीक्षा का स्थगित करने का फैसला लिया है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश स्कूल बोर्ड धर्मशाला की ओर से आयोजित करवाई जाने वाले दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं देश भर में फैली कोरोना महामारी के चलते स्थगित की गई थीं। इस दौरान बोर्ड प्रबंधन ने लॉकडाउन खत्म होने के बाद बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन पर फैसला लेने की बात कही थी और इसके लिए बोर्ड प्रबंधन ने खाका तक तैयार कर लिया था।
वहीं, अब देश भर में 17 मई तक बढ़े लॉकडाउन ने शेष बची बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन पर संशय बढ़ा दिया है। उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने कहा कि अब सिर्फ भूगोल विषय की परीक्षा ली जाएगी। 15 मई तक परीक्षा के आयोजन के बारे में तिथि फाइनल की जाएगी। भूगोल विषय में पूरे प्रदेश में बारहवीं कक्षा के लगभग 4000 विद्यार्थी होंगे, सामाजिक दूरी का पालन करते हुए परीक्षा हर हाल में लेने का प्रयास किया जाएगा।