डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजूकेशन (डीएलएड) के 2019-21 के सत्र की पहले चरण की कांउसलिंग के बाद 771 सीटें खाली रह गई हैं। सूबे में डीएलएड की सीटें आधी करने के बाद भी पहले चरण में सीटें खाली रह गई। इस बार स्कूल शिक्षा बोर्ड प्रदेश में डीएलएड की सिर्फ 2450 सीटों का बैच भरेगा।
पिछले सालों के मुकाबले यह 50 फीसदी कम है। पहले चरण की कांउसलिंग में सूबे के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में 126 और निजी संस्थानों में 645 सीटें खाली रह गई हैं।
डाइट में अधिकतर सीटें एक्स सर्विसमैन और स्वतंत्रता सेनानी के आश्रितों के लिए आरक्षित हैं, जो लगभग खाली रह गई हैं। इन सीटों को दूसरी केटेगिरी के अभ्यर्थियों के लिए ओपन नहीं किया जाएगा। इसके अलावा निजी संस्थानों में 645 सीटें खाली हैं।
बोर्ड के रिक्त सीटों के लिए दूसरे चरण की कांउसलिंग करने जा रहा है। दूसरे चरण की कांउसलिंग 15 से 22 अक्तूबर तक बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला परिसर में सुबह दस से सांय पांच बजे तक होगी। हर दिन की कांउसलिंग का शेड्यूल बोर्ड ने अभ्यर्थियों के अनुसार वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने कहा कि दूसरे चरण की कांउसलिंग 15 अक्तूबर से शुरू होगी। अभ्यर्थी को बायोडाटा के अलावा सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, कैटेगिरी और उप कैटेगिरी के प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे।