अब योग, शूटिंग और स्वीमिंग में भी कॉलेज और यूनिवर्सिटी के छात्र अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। एचपीयू के नए शैक्षणिक सत्र के इंटर कॉलेज और इंटर यूनिवर्सिटी खेल एवं युवा महोत्सव कैलेंडर में तीन और खेलें शामिल की जाएंगी।
कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी ने मंगलवार को विवि खेलकूद एवं अन्य पाठ्येत्तर परिषद की बैठक में यह एलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में इन तीनों खेलों की प्रतिभाओं के आगे आने की संभावनाएं हैं।
इसलिए योग और निशानेबाजी जैसी इंडोर खेलों के साथ ही तैराकी में भी कॉलेज स्तर पर मुकाबले करवाए जा सकते हैं। बैठक में मौजूद प्रदेश भर के कॉलेजों से आए संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्य और शारीरिक व म्यूजिक शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, उन्हें मौका देने और निखारने के लिए उपयुक्त प्रशिक्षण देने की आवश्यकता है।
वीसी ने ऐसी प्रतिभाओं को निखारने के लिए कॉलेज स्तर पर उत्कृष्ट खेल प्रशिक्षण की सुविधा देने को केन्द्र स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिए कॉलेज भी संभावनाएं तलाशें। कुलपति ने खिलाड़ी छात्रों को दिए जाने वाले दैनिक भत्ते की राशि को बढ़ाए जाने को भी हरी झंडी दी है।
इसे परिषद की बैठक में तय कर विवि प्रशासन को भेजा जाना है। इस दौरान विवि के प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र सिंह चौहान, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजीव महाजन, विवि निदेशक शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम प्रो. सुरेंद्र कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। परिषद के अध्यक्ष डा. अशोक अवस्थी ने सभी प्राचार्य और शारीरिक शिक्षकों का स्वागत किया और उपाध्यक्ष डा. राजकुमार जम्वाल ने धन्यवाद प्रस्ताव पढ़ा।