राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड में भरे जाने वाले जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के 39 पदों की लिखित परीक्षा में ढाई हजार से अधिक आवेदनकर्ता नहीं बैठ पाएंगे। परीक्षा के लिए आवेदन करते समय उक्त अभ्यर्थियों ने आधे-अधूरे आवेदन भरे थे, जबकि कई अभ्यर्थियों ने आवेदन करते समय फीस जमा नहीं करवाई है।
रद्द हुए फार्मों के आवेदनकर्ताओं की सूची बोर्ड ने अपनी वेबसाइट www.hpbose.org पर अपलोड कर दी है। जानकारी के अनुसार स्कूल शिक्षा बोर्ड में जेओए (आईटी) के 39 पदों को भरने के लिए बोर्ड ने आवेदन मांगे थे। चार से 20 अगस्त तक आवेदन करने की तिथि बोर्ड ने निर्धारित की थी।
निर्धारित तिथि के अंदर बोर्ड को कुल 11654 आवेदन मिले। इसमें केवल 8876 आवेदन ही सही पाए गए, जबकि 2778 अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द कर दिए गए हैं। उधर, स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव अक्षय सूद ने बताया कि रद्द किए गए अभ्यर्थियों की सूची बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है।