तकनीकी शिक्षा विभाग ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में ऑनलाइन प्रशिक्षण के निर्देश दिए हैं। कोरोना की वजह से आईटीआई बंद हैं। ऐसे में अब प्रशिक्षुओं को ऑनलाइन प्रशिक्षण देकर संबंधित ट्रेड के बारे में पढ़ाया और सिखाया जाएगा। पूर्व में दिसंबर माह तक तो प्रशिक्षुओं ने ऑनलाइन पढ़ाई की है, लेकिन संस्थान दोबारा खुले तो ऑनलाइन ग्रुप बंद कर दिए गए।
ऐसे में अब दोबारा प्रशिक्षुओं के ऑनलाइन ग्रुप बनाए जा रहे हैं। आईटीआई में ऑनलाइन प्रशिक्षण शुरू कर दिया है। आईटीआई हमीरपुर में 97 प्रशिक्षु वर्तमान में प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षुओं अखिल कुमार, आकाश, अश्वनी, अनिकेत, आयुष, अमित ने कहा कि अध्यापकों ने ऑनलाइन ग्रुप तो बना दिए हैं, लेकिन अभी तक प्रशिक्षण शुरू नहीं किया है।
उन्होंने बताया कि मशीनों का काम ऑनलाइन सीखना मुश्किल है। आईटीआई हमीरपुर के प्राचार्य अजय गुलेरिया का कहना है कि ऑनलाइन प्रशिक्षण शुरू करने के निर्देश मिले हैं। आगामी आदेशों तक प्रशिक्षुओं का ऑनलाइन प्रशिक्षण करवाया जाएगा। आईटीआई का स्टाफ भी घर से ही प्रशिक्षण देगा।