हिमाचल अनुबंध-नियमित अध्यापक संघर्ष मोर्चा ने सरकार से लगाई ये गुहार लगाई है। हिमाचल अनुबंध-नियमित अध्यापक संघर्ष मोर्चा ने प्रदेश सरकार से 31 मार्च 2018 को अपने सेवाकाल के तीन वर्ष पूरा कर रहे अनुबंध अध्यापकों के नियमितीकरण के लिए अधिसूचना जारी करने की मांग की है।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत ठाकुर, महासचिव नरेश पटियाल और प्रेस सचिव सुरेंद्र वर्मा ने मांग करते हुए कहा अधिसूचना जारी होने तक शिक्षा विभाग अनुबंध अध्यापकों के नियमितीकरण के लिए जरूरी दस्तावेजों को शिक्षा निदेशालय मंगवा कर नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करे।
अप्रैल माह के प्रथम दिन से ही तीन वर्ष का सेवाकाल पूरा कर चुके अध्यापकों का नियमितीकरण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में करीब एक हजार अनुबंध पर तैनात टीजीटी, पीजीटी, सीएंडवी और जेबीटी शिक्षकों का 31 मार्च 2018 को तीन वर्ष का सेवाकाल पूरा होने जा रहा है।
अभी तक सरकार व विभाग की ओर से इनके नियमितीकरण बारे कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी न होने से अनुबंध अध्यापक चिंतित है। उधर, अनुबंध अध्यापक संघ के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर ने भी सरकार से जल्द नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। अश्वनी ठाकुर ने कहा कि डाटा एकत्र करने और उसके बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी करने में काफी समय लग जाता है।