हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च 2020 सत्र के मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। शिक्षा बोर्ड जमा दो के विज्ञान समूह में 100, वाणिज्य एवं कला समूह में 100 और दसवीं कक्षा के कुल 400 मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देगा। इसके लिए पात्रता के लिए 88 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्रतिशतता निर्धारित की गई है। ऑनलाइन आवेदन के लिए बोर्ड ने वेबसाइट पर फॉर्म अपलोड कर दिए हैं। पात्र विद्यार्थी 17 दिसंबर से 31 जनवरी, 2021 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन व बिल प्रपत्र वेबसाइट से डाउनलोड कर भरने के बाद अध्ययनरत शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्यों से सत्यापित करवाने होंगे। इसके बाद इनकी कॉपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। इसे बोर्ड के पंजीकृत डाक पते पर भी भेजना होगा। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सुरेश सोनी ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि एससी, एसटी व ओबीसी के लिए आरक्षित छात्रवृत्ति को छोड़कर अन्य विद्यार्थियों के लिए केवल एक ही विभाग या संस्था की छात्रवृत्ति देय होगी। सभी प्रधानाचार्य फॉर्म सत्यापित करते वक्त सुनिश्चित करें कि किसी भी छात्रवृत्ति को दोहराया न जाए।