हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के एवालॉज स्थित यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज (यूआईएलएस) में शैक्षणिक सत्र 2019-20 के लिए जल्द प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने वाली है। पांच वर्षीय बीएएलएलबी के लिए 24 अप्रैल तक प्रोस्पेक्टस अपलोड होने पर इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। पांच वर्षीय डिग्री कोर्स के लिए इस बार भी जमा दो की मेरिट ही प्रवेश का आधार रहेगी।
कोर्स की 120 सीटों के लिए प्रदेशभर से आने वाले आवेदनों में से जमा में प्राप्त किए अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी। इसी के आधार पर कोर्स की तय सब्सिडाइज्ड और नॉन सब्सिडाइज्ड सीटों में प्रवेश दिया जाता है। इस पांच वर्षीय बीए एलएलबी ऑनर्स इंटीग्रेटिड कोर्स में कुल 120 सीटों में से 75 सीटें सब्सिडाइज्ड कैटेगरी को दी जाती हैं, जिसमें मेरिट ही आधार होता है।
सब्सिडाइज्ड सीट के लिए 45 हजार फीस दो किस्तों में ली जाती है। बीते सत्र में सब्सिडाइज्ड श्रेणी में प्रवेश को मेरिट 75 फीसदी रही थी। हर सत्र में दो से ढाई सौ छात्र वेटिंग में रहते हैं। नॉन सब्सिडाइज्ड से 45 सीटें भरी जाती हैं। इसमें 80 हजार सालाना तय की गई फीस दो किस्तों में ली जाती है।
एक सीट सिंगल गर्ल चाइल्ड के लिए आरक्षित है। विवि के इस प्रोफेशनल कोर्स में प्रवेश के लिए हर साल आवेदन करने वालों की संख्या सैक ड़ों में रहती है। आवेदन की प्रक्रिया अप्रैल माह में शुरू होती है। जून मध्य तक परीक्षा परिणाम घोषित हो जाने के बाद काउंसलिंग होती है, जिसमें आवेदकों के प्राप्तांक के आधार पर प्रवेश मेरिट बनती है।
24 तक वेबसाइट पर उपलब्ध होगा प्रोस्पेक्टस
यूआईएलएस के निदेशक प्रो. संजय सिंधु ने बताया कि नए सत्र में प्रवेश के लिए प्रोस्पेक्टस को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस कार्य को 23 अप्रैल तक पूरा कर 24 अप्रैल को आम छात्रों व पब्लिक के लिए विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया जाएगा। प्रोस्पेक्टस में ही ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि सहित प्रवेश के लिए होने वाली काउंसलिंग का शेडयूल भी उपलब्ध रहेगा।
संस्थान के नए भवन का भी इसी साल शुरू हो सकता है काम
एवालॉज में चल रहे इस विधि संस्थान में नए भवन का निर्माण कार्य नए सत्र में शुरू हो सकता है। विश्वविद्यालय ने भूमि संबंधित मामले को सुलझा लिया है, अब भूमि विवि के नाम हो चुकी है, तो संस्थान का बहुमंजिला नया भवन बनाने का कार्य शुरू हो जाएगा।