हाल ही में हुई टीजीटी आर्ट्स और नॉन मेडिकल की परीक्षा को लेकर विवाद होने लगा है। प्रदेश के सभी जिलों से करीब 28 हजार विद्यार्थियों ने टेट पास कर टीजीटी कमीशन की परीक्षा दी थी। परीक्षा 11 मई को हुई थी। इसके बाद कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने टीजीटी आर्ट्स आंसर-की साइट पर जारी की है। इसमें इतिहास विषय की ए सीरीज के चार प्रश्नों के उत्तर गलत होने का दावा किया जा रहा है।
विद्यार्थियों ने उक्त प्रश्नों के उत्तर सही करने के लिए कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर को एक पत्र भी सोमवार को भेजा है। इसमें संबंधित प्रश्नों के सही उत्तर प्रमाण के साथ भेजे गए हैं। विद्यार्थियों ने मांग की है कि संबंधित विषय के उत्तर को सही कर वेबसाइट पर डाला जाए। ऐसा न करने पर उन्होंने वह कोर्ट जाने की चेतावनी दी है।
जिला सोलन के टीजीटी कमीशन की परीक्षा देने वाले संजय पंवार, भीम सिंह राणा, संदीप वर्मा, दिनेश चौहान, अभिलाषा ठाकुर और रोमिला ठाकुर ने बताया कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर की ओर से संबंधित परीक्षा में इतिहास की आंसर-की साइट पर जारी की गई है।
इसमें उन्होंने अपने प्रश्न के उत्तरों का मिलान किया तो उसमें चार प्रश्नों के उत्तर गलत पाए गए। सीरीज ए के प्रश्न 128 का उत्तर सी दिया गया है, जबकि एनसीआरटी बुक के तहत इसका सही उत्तर ए है। प्रश्न नंबर 132 का उत्तर सी बताया गया है। इसका सही डी है। 133 का बी सही उत्तर ए, 169 का सी बताया है, जबकि इसका सही उत्तर बी है।