एचपीयू ने एमएससी नर्सिंग कोर्स में प्रवेश के लिए परीक्षा की तिथि निर्धारित कर दी है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबद्ध नर्सिंग कॉलेजों में नए सत्र में एमएससी नर्सिंग कोर्स में प्रवेश के लिए पांच अगस्त को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
23 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन जमा हो सकेंगे। विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. जेएस नेगी ने बताया कि इस कोर्स में प्रवेश लेने के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर पात्रता संबंधित विस्तृत ब्योरा उपलब्ध करवाया गया है।
विवि से संबद्ध आईजीएमसी स्थित नर्सिंग कॉलेज की 25, सोलन स्थित निजी मुरारी लाल नर्सिंग कॉलेज सोलन की दस, नेताजी सुभाष नर्सिंग कॉलेज पालमपुर की 15 और भट्टाकु फर स्थित शिवालिक नर्सिंग कॉलेज की 16 सीटें भरी जाएंगी।
विवि की वेबसाइट www.hpuniv.in, www.admissions.hpushimla.in के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। आरक्षित वर्ग के आवेदनकर्ताओं को 1250, जबकि सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 2500 रुपये की फीस जमा करवानी होगी।