शिक्षा विभाग ने प्रदेश के ग्रीष्मकालीन जिलों में गर्मियों की छुट्टियों में कुछ तकनीकी समस्याओं के चलते बदलाव किया है। हालांकि यह बदलाव नए सत्र के शुभारंभ पर ही किया जाना था, लेकिन कोड ऑफ कंडक्ट लगने के कारण छुट्टियों में बदलाव नहीं किया जा सका।
गर्मियों की छुट्टियों में शिक्षा विभाग द्वारा किए गए बदलाव के चलते अब सरकारी स्कूलों में समर क्लोजिंग स्कूल 26 जून से बंद होंगे और 31 जुलाई के बाद खुलेंगे। इसके बाद पहली अगस्त को ही सभी सरकारी स्कूल खुलेंगे।
पुरानी समयसारिणी के अनुसार स्कूलों में 25 जून से 30 जुलाई तक छुट्टियां होती थीं। इसके बाद 31 जुलाई को विद्यार्थियों सहित शिक्षक स्कूल पहुंचते थे। लेकिन, शिक्षा विभाग ने जुलाई माह के एक दिन के हाजरियों, तनख्वाह सहित अन्य मसलों के हिसाब किताब से छुटकारा पाने के लिए यह कदम उठाया है।
कार्यकारी उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक कमलेश कुमारी ने बताया कि छुट्टियों में बदलाव के निर्देश प्रदेश के ग्रीष्मकालीन जिलों के लिए निदेशालय शिमला से हुए हैं। इसके चलते ऊना सहित अन्य जिलों के सभी स्कूलों में अब 26 जून से ही गर्मियों की छुट्टियां होंगी और पहली अगस्त को जिला के सभी स्कूल खुलेंगे।