हिमाचल में नीट के लिए शिमला और हमीरपुर में 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से रविवार 13 सितंबर को परीक्षा ली जाएगी। शिमला में स्थापित 19 केंद्रों में 6500 और हमीरपुर में बनाए गए 16 परीक्षा केंद्रों में 4500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। कोरोना संक्रमण के चलते केंद्र सरकार की गाइडलाइन और एसओपी के मुताबिक ही परीक्षा के आयोजन के लिए इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा दोपहर बाद दो से पांच बजे तक होगी। नीट-2020 की शिमला सिटी कोऑर्डिनेटर विदुप्रिया चक्रवर्ती ने बताया कि परीक्षार्थियों को 11 बजे परीक्षा केंद्र में रिपोर्ट करना होगा।
इसके बाद एसओपी के मुताबिक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। विदुप्रिया ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए केंद्र सरकार और एनटीए के दिशा-निर्देशों के मुताबिक व्यवस्था की गई है। परीक्षा के आयोजन को बनाए शिमला के केंद्रों में सीमा कॉलेज रोहड़ू, डीएवी चौपाल, माउंट शिवालिक जुब्बड़हट्टी, शहर में सेंट थॉमस स्कूल, केंद्रीय विद्यालय जाखू, केवी जतोग, डीएवी न्यू शिमला, डीएवी लक्कड़ बाजार, केंद्रीय तिब्बती विद्यालय छोटा शिमला, सरस्वती पैराडाइज स्कूल संजौली, कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मेरी नव बहार, सेक्रेट हार्ट ढली, चैप्सली स्कूल, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस संजौली कॉलेज, सेंट एडवर्ड, हिल ग्रोव स्कूल शामिल हैं।