शैक्षणिक सत्र 2017-18 के पहले दिन ही सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को निशुल्क किताबें दे दी जाएंगी। निशुल्क किताबें मुहैया करवाने का जिम्मा देख रहे प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने किताबों का सही समय पर आवंटन करने के लिए शिक्षकों की जवाबदेही तय कर दी है।
शनिवार को निदेशक मनमोहन शर्मा ने सभी जिला उपनिदेशकों को पत्र जारी कर 13 और 14 फरवरी को ब्लॉक कार्यालयों से किताबें एकत्र करने के लिए हर स्कूल से दो-दो शिक्षकों की ड्यूटी लगाने को कहा है। किताबों की सप्लाई ब्लॉक स्तर पर समय से पहुंचा दी जाएगी।
अगर किसी स्कूल से किताबें देरी से मिलने के चलते पढ़ाई प्रभावित हुई तो जिम्मेवार कर्मियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। हिमाचल प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले पहली से दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को निशुल्क किताबें उपलब्ध करवाती है।
शिक्षा निदेशालय ने किताबों को प्रकाशित करवाने का काम राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड को सौंपा है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने बताया कि छठी से दसवीं कक्षा की किताबें शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही आवंटित करने का काम मुस्तैदी से किया जा रहा है।
शीतकालीन स्कूलों में 13 फरवरी से नया सत्र शुरू होगा। ऐसे में शिक्षकों को किताबें एकत्र करने के लिए 13 और 14 फरवरी का दिन दिया गया है। पहली से पांचवीं कक्षा की किताबें 10 फरवरी तक ब्लॉक कार्यालयों में उपलब्ध करवाई जाएंगी।