प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने आईटीआई में प्रवेश के लिए पहले राउंड की काउंसलिंग का परिणाम पुराने शेड्यूल के अनुसार न निकालने पर नया शेड्यूल जारी किया है। निदेशालय ने अधिसूचना जारी कर दी है।
22 जुलाई को काउंसलिंग के पहले राउंड का परिणाम आना था, लेकिन बोर्ड की वेबसाइट में तकनीकी खराबी आने से इसे नहीं निकाला गया। 27 जुलाई को परिणाम निकाला गया। इस वजह से तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने काउंसलिंग शेड्यूल दोबारा जारी किया है।
अधिसूचना के अनुसार पहले राउंड की काउंसलिंग में चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित आईटीआई में तीन अगस्त तक मूल प्रमाणपत्रों सहित प्रवेश लेना होगा। पहले चरण में खाली रहीं सीटों पर दूसरे चरण में छह अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
10 अगस्त को सीटें आवंटित की जाएंगी। चयनित उम्मीदवारों को 16 अगस्त तक आईटीआई में प्रवेश लेना होगा। दूसरे चरण से खाली सीटों की सूची 17 अगस्त को जारी होगी। तीसरे चरण की काउंसलिंग के लिए उम्मीदवार 22 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इसी दिन फीस भी जमा करवानी होगी। 27 अगस्त को तीसरे चरण की काउंसलिंग का परिणाम आएगा। उत्तीर्ण उम्मीदवारों को 31 अगस्त तक आवंटित आईटीआई में दाखिला लेना होगा। तीसरे चरण में खाली रहीं सीटों की सूची एक सितंबर को जारी होगी।
विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में खाली रहीं सीटें भरने के लिए स्पॉट एडमिशन तीन से सात सितंबर को होगी। इसमें दसवीं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक वाले उम्मीदवारों की तीन सितंबर, 55 से 70 प्रतिशत अंकों वाले की चार सितंबर, पास प्रतिशत से 55 प्रतिशत तक की पांच-छह और सात सितंबर को एडमिशन होगी।
प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड के सचिव सुनील वर्मा ने बताया कि निदेशालय ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए दूसरे, तीसरे राउंड की काउंसलिंग व स्पॉट एडमिशन की तिथियों की अधिसूचना जारी कर दी है।