राजधानी के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस संजौली कॉलेज में तीन दिन से चल रही एचपीयू की इंटर कॉलेज महिला कबड्डी प्रतियोगिता में धर्मशाला कॉलेज की टीम विजेता बनी। शनिवार को धर्मशाला कॉलेज की टीम ने फाइनल मुकाबले में बिलासपुर कॉलेज की टीम को 33-28 से पराजित किया और विजेता खिताब पर कब्जा जमाया।
इस प्रतियोगिता में सुंदरनगर एमएलएसएम की टीम तीसरे स्थान पर रही। ऊना कॉलेज की टीम प्रतियोगिता में चौथे स्थान पर रही। प्रतियोगिता के समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा निदेशक प्रो. सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर धर्मशाला कॉलेज की विजेता टीम और उपविजेता रही बिलासपुर कॉलेज को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। समापन समारोह में चैक गणराज्य की डा. घोष भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
कॉलेज प्राचार्या प्रो. दीक्षा मल्होत्रा ने मुख्य अतिथि और अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विवि से आए पर्यवेक्षक गोपाल और कॉलेज शिक्षकों की पूरी टीम को बधाई दी। इससे पहले सेमीफाइनल मैच में धर्मशाला कॉलेज की टीम ने ऊना कॉलेज की टीम को मात दी, जबकि बिलासपुर कॉलेज ने सुंदरनगर एमएलएसएम कॉलेज की टीम को 41-28 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई। धर्मशाला ने हमीरपुर कॉलेज की टीम को 33-28 से हराया।