हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड डीएलएड के दो वर्षीय डिप्लोमा कोर्स की प्रवेश परीक्षा 19 जुलाई के सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक लेगा। परीक्षा केंद्रों में तैनात स्टाफ तथा परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को फेस मास्क पहनना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा से आधा घंटा पहले पहुंचना होगा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि 19 जुलाई को प्रदेश के 140 परीक्षा केंद्रों में 21238 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा की तैयारियों को लेकर उन्होंने वीरवार को शिमला, सिरमौर, सोलन, ऊना, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा जिले के परीक्षा केंद्रों के समन्वयकों व प्रिंसिपलों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से वर्चुअल मीटिंग की। उन्होंने बताया कि उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि सभी लोग फेस मास्क का प्रयोग करें। साथ ही अभ्यर्थियों को सेनिटाईजर या साबुन व पानी से हाथ धोने के बाद ही परीक्षा भवन में भेजें। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को शेष जिलों के समन्वयकों के साथ वर्चुअल मीटिंग की जाएगी।