प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड डीएलएड की काउंसलिंग प्रक्रिया 12 अक्तूबर से शुरू करेगा। यह प्रक्रिया 23 अक्तूबर तक चलेगी। जिला स्तर के सभी 12 सरकारी डाइट संस्थानों में काउंसलिंग प्रक्रिया होगी। यह 23 अक्तूबर तक सुबह दस से शाम पांच बजे तक चलेगी। स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि डीएलएड के दो वर्षीय डिप्लोमा के लिए सरकारी डाइट व निजी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में डीएलएड की परीक्षा में प्राप्त अंकों के अनुसार काउंसलिंग 12 से 23 अक्तूबर तक होगी।
जिन अभ्यर्थियों ने प्राथमिकता के आधार पर वरीयता क्रम में विकल्प बायोडाटा प्रपत्र में प्रस्तुत किए हैं, जिसके लिए अभ्यर्थी सुविधानुसार किसी निकटतम सरकारी डाइट में कांउसलिंग में भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की तिथिवार सूची बोर्ड वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी को अपने साथ बायोडाटा फार्म पर अपनी सुविधा एवं प्राथमिकता के आधार पर वरीयता क्रम में सीट विकल्प भरकर तथा अपने समस्त मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, कैटेगिरी, उपकैटेगिरी तथा अन्य संबंधित प्रमाण पत्रों के साथ इनकी सत्यापित छायाप्रतियां भी लानी होंगी। सरकारी डाइट में मास्क लगाकर व सोशल डिस्टेंसिंग के साथ आना होगा।