पिछले कई महीनों से कंपार्टमेंट परीक्षाओं के इंतजार में बैठे 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। यूटी शिक्षा विभाग ने मंगलवार को कंपार्टमेंट परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दीं। परीक्षाएं 5 अक्तूबर से शुरू होंगीं। प्रत्येक स्कूल को परीक्षा के लिए डेटशीट बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
सीबीएसई 10वीं और 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षाएं ले चुका है लेकिन शिक्षा विभाग ने अभी तक 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के लिए कंपार्टमेंट की परीक्षाएं आयोजित नहीं की हैं। इस वजह से शहर के करीब 4550 विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया था।
बड़ी समस्या यह भी थी कि बोर्ड की परीक्षाओं के लिए इन विद्यार्थियों का पंजीकरण कराना होता है लेकिन कंपार्टमेंट की परीक्षा नहीं होने की वजह से इन बच्चों का पंजीकरण नहीं हो पाया है, इसलिए विद्यार्थी जल्द से जल्द ये परीक्षाएं कराने की मांग कर रहे थे। मंगलवार को शिक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि 5 अक्तूबर से 9वीं और 11वीं कक्षा की कंपार्टमेंट की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
विभाग ने कहा है कि कोरोना वायरस को देखते हुए यह तय किया गया है कि प्रत्येक स्कूल अपने अनुसार परीक्षाएं लेंगे और डेटशीट तैयार करेंगे। हालांकि इसके लिए केंद्र सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से जारी किए दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा।