हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर का दूसरा दीक्षांत समारोह 28 नवंबर को एनआईटी हमीरपुर के सभागार में होगा। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय कार्यक्रम के मुख्यातिथि होंगे, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और तकनीकी शिक्षा एवं उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विवि के कुलपति प्रो. एसपी बंसल करेंगे।
वीरवार को विवि के सभागार में पत्रकार वार्ता में कुलपति प्रो बंसल ने कहा कि दीक्षांत समारोह में बीटेक, एमटेक, बी-फार्मेसी, एम-फार्मेसी, एमबीए और होटल मैनेजमेंट समेत विभिन्न संकाय के कुल 315 मेधावियों को उपाधियां दी जाएंगी, जबकि 25 मेधावियों को उपाधियों के अलावा पदक से भी सम्मानित किया जाएगा।
इसमें स्नातक के 21 और स्नातकोत्तर के 4 मेधावी शामिल हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन मेधावियों को कुल 13 स्वर्ण, जबकि 12 रजत पदक दिए जाएंगे। पूर्व की भांति इस बार भी सभी मेधावियों को भारतीय परिधान में सम्मानित किया जाएगा। लड़कों के लिए कुर्ता-पायजामा और लड़कियों के लिए सलवार-कुर्ता ड्रेस कोड होगा।
प्रशासनिक भवन का उद्घाटन 6 को सीएम करेंगे
ग्राम पंचायत दडूही में निर्माणाधीन प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन 6 दिसंबर को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे। अगले सत्र से अकादमिक भवन का निर्माण कार्य भी पूरा होगा। इसके बाद सभी कक्षाएं दडूही स्थित भवन में शिफ्ट होंगी। वर्तमान में विवि की कक्षाएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर के खाली भवन में चल रही हैं।