आईआईएम सिरमौर में पहले दीक्षांत समारोह की धूम रही। 4 सितंबर 2015 को खुले संस्थान के प्रथम बैच में रोजीवाला सूरज हीरा लाल बैच टॉपर और अनस अहमद को सर्वश्रेष्ठ छात्र के रूप में पुरस्कृत किया गया। दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने संस्थान के प्रथम बैच के 20 छात्रों को उपाधि प्रदान की है।
इनमें अनस अहमद, रोजीवाला सूरज हीरा लाल, दीपक यादव, दिव्य आलोक, गौरव किशोर, केशव रमन सिंह, मयूर बनवारी लाल वर्मा, कृष्णा भावसार, मीहिर गुप्ता, नवदीप नैनावत, पीयूष कपूर, पीयूष सागर, पीयूष सोनी, जावखेडकर राहुल श्रीकांत, रवि मंजूल, सुप्रतिक गुलिया, वैभव यादव, मोदी वत्सल राजेश, विजय शुक्ला व विवेक सिंगला शामिल रहे। इससे पहले दीप प्रज्वलित कर सीएम ने कार्यक्रम शुभारंभ किया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
आईआईएम स्नातक समाज तथा विकास पर करें ध्यान केंद्रित: वीरभद्र
वीरभद्र सिंह ने कहा कि आईआईएम स्नातक समाज के वंचित वर्गों, ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दें। भारत- चीन के विश्व में प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के रूप में उभरने से बड़े पैमाने पर व्यापारिक अवसरों और सक्षम प्रबंधकों की आवश्यकताओं का मार्ग प्रशस्त हुआ है। सीएम ने पांवटा के रामपुरघाट में आयोजित दीक्षांत समारोह में कहा कि प्रदेश सरकार ने संस्थान को नि:शुल्क दौ सौ एकड़ भूमि उपलब्ध करवाई है।
आईआईएम धौला कुआं सिरमौर के स्थायी परिसर की स्थापना होगी। कार्यक्रम के दौरान आईआईएम सिरमौर चेयरमैन अजय श्रीराम, निदेशक नीलू रोहमित्रा व चेयरमैन पीजीपी अजय गर्ग ने कहा कि संस्थान संचालन में प्रदेश सरकार का भरपूर समर्थन व सहयोग रहा। नया जीएसटी देश की आर्थिकी में बदलाव लाएगा।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स, सीपीएस विनय कुमार, योजना बोर्ड उपाध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, विधायक पांवटा किरनेश जंग, रोजगार सृजन बोर्ड अध्यक्ष हर्षवर्धन चौहान, हिमफेड अध्यक्ष अजय बहादुर, अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम उपाध्यक्ष तपिन्द्र सैनी, जिला परिषद अध्यक्ष दलीप चौहान, डीसी बीसी बडालिाया, एसपी सौम्या साम्बशिवन, डेंटल कॉलेज चेयरमैन डॉ. विजय गुप्ता, डॉ. गौरव गुप्ता,एसडीएम पांवटा एचएस राणा, सीएमओ डॉ. संजय शर्मा, डीएसपी प्रमोद चौहान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय सोलंकी, पांवटा मंडल अध्यक्ष अश्वनी शर्मा व पर्यावरण अभियंता एके शारदा समेत गणमान्य लोग मौजूद रहे।
खुशी मिली इतनी कि दिल में न समाए
आईआईएम सिरमौर के प्रथम बैच के टॉपर रोजीवाला सूरज हीरालाल ने कहा कि आज उन्हें उनकी मेहनत का फल मिल गया है। गुजरात के अहमदाबाद के छात्र ने टॉपर आने का सपना देखा था। पिता हीरालाल व मां चंद्रिका बेन समेत परिजनों से टॉप करने का वायदा किया था। इस सपने को पूरा करने के लिए दिन-रात तैयारियों में जुटे थे।
बैच टॉपर के परिजनों ने कहा कि बेटे को मुंबई, दिल्ली व गुजरात की श्रेष्ठ कंपनियों से जॉब ऑफर मिला है। इनमें से बेटे के लिए बेहतरीन पैकेज वाली बेस्ट जॉब को चुनेंगे। अमर उजाला से बात करते हुए सूरज ने कहा कि आईआईएम परीक्षा पास करने के बाद कारपोरेट्स ब्रांड्स, कंपनियों में जॉब मिलने के बेहतरीन अवसर मिलते हैं। इस सफलता के लिए शिक्षण संस्थान के स्टाफ, परिजनों, सहयोगियों के साथ ग्रुप स्टडी व कड़ी सफलता को श्रेय देते है।
परिजनों की दुआएं व मेहनत रंग लाई: अनस अहमद
सर्वश्रेष्ठ छात्र का खिताब पाने वाले यूपी के लखनऊ निवासी अनस अहमद ने कहा कि मेहनत और परिजनों की दुआएं रंग लाईं। मेधावी छात्र ने कहा कि बीसीएम श्रीराम लिमिटेड कंपनी में जॉब आफर भी मिल गया है। मुख्य अतिथि सीएम वीरभद्र सिंह से पुरस्कार मिलने पर छात्र के परिजन जावेद अहमद व माता शमां प्रवीन फूले नहीं समा रहे थे।
आज बेहद उत्साहित हैं नवदीप-पीयूष
ग्वालियर निवासी आईआईएम छात्र पीयूष सागर ने कहा कि पापा राकेश सागर व मां ऊषा सागर का सपना पूरा किया है। इसके लिए काफी मेहनत की है। वहीं, नैनीताल के निवासी नवदीप नैनावत ने कहा कि काफी सपने लेकर पांवटा संस्थान पहुंचे थे। आज दीक्षांत समारोह में परिजनों पिता टीसी नैनावत व मां मीना नैनावत के सामने सपना पूरा हुआ है। कई कंपनियों से जॉब के आफर आ रहे हैं।