नया फीस ढांचा तय होने के बावजूद मनमानी फीस की वसूली निजी बीएड कॉलेजों पर भारी पड़ सकती है। इसके लिए छात्रों ने निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने आयोग से मांग की है कि ज्यादा वसूली गई फीस उन्हें निजी कॉलेजों से वापस दिलाई जाए।
विद्यार्थियों का आरोप है कि सरकार की ओर से नया फीस ढांचा तय होने के बाद भी कई निजी बीएड कॉलेज दोगुना फीस वसूल रहे हैं। सरकार ने दो वर्षीय बीएड कोर्स का फीस ढांचा तय किया है। इसमें पूरे कोर्स की फीस 62870 रुपये तय की गई है। इसमें लाइब्रेरी फीस छात्र को वापस की जानी है।
निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग पहुंचे विद्यार्थियों के अभिभावकों का आरोप है कि पहले सरकार की ओर से फीस ढांचा तय न किए जाने से अधिकतर निजी कॉलेज अपने स्तर पर दोगुना फीस ले रहे हैं। अब जबकि फीस स्ट्रक्चर भी तय हो गया तो भी वे अपने स्तर पर तय दरों पर ही फीस की वसूली कर रहे हैं।
विरोध करने पर भी ये शिक्षण संस्थान नई दरों पर फीस लेने को तैयार नहीं हैं। नियामक आयोग के पास ऐसे दस से 12 मामले पहुंचे हैं। इस पर आयोग ने संबंधित निजी बीएड कॉलेज प्रशासन को पत्र लिखकर जवाब मांगा है। वहीं, विश्वविद्यालय ने अब आने वाले बैच के लिए सरकार के आदेशों पर सभी कॉलेजों को नए फीस ढांचे के मुताबिक ही फीस लेने के निर्देश दिए हैं।
आई हैं ज्यादा फीस वसूली की शिकायतें: प्रो. मीरा
हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग की सदस्य प्रो. मीरा वालिया ने माना कि दो वर्षीय बीएड कोर्स में कुछ निजी कॉलेजों की ओर से तय फीस ढांचे से अधिक फीस वसूली की शिकायतें आई हैं। संबंधित कॉलेजों से जवाब मांगा है।
नया फीस ढांचा लागू करने के दिए हैं निर्देश
विवि के कुलसचिव डॉ1 पंकज ललित ने विवि से संबद्ध बीएड कॉलेज और संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि दो वर्षीय बीएड कोर्स 2015-17 सत्र से सरकार की ओर से तय नए फीस ढांचे को लागू किया जाए। कॉलेजों को इसके मुताबिक फीस लेनी होगी। निजी कॉलेजों को अधिक ली गई फीस छात्रों को लौटानी पड़ सकती है।
यह है बीएड कोर्स का नया फीस ढांचा
दो साल के बीएड कोर्स की फीस 62,870 तय की गई है। दोनों साल में पचास हजार ट्यूशन फीस (प्रति वर्ष 25 हजार), एक बार 1080 दाखिला फीस, अंतिम वर्ष में 110 कंटीन्यूशन फीस, फर्नीचर मरम्मत, बदलाव और किताबों के लिय शुल्क 275 प्रति वर्ष कुल 550, सहित 15 मदों में कुल 3,150, और मासिक शुल्क पांच मदों में 9,720 रुपये की फीस दोनों सालों में देनी होगी।