अब केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) ऑनलाइन हो सकती है। राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को सीटेट की ऑनलाइन परीक्षा करवाने का प्रस्ताव भेजा है।
इसके अलावा एनसीटीआई ने सीबीएसई को सीटेट परीक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए अन्य सुझाव भी दिए हैं, जिससे देश के भविष्य को अच्छे शिक्षक मिल सकें।
वहीं, सीबीएसई ने भी सीटेट को ऑनलाइन करवाने के लिए कवायद शुरू कर दी है। पिछले वर्ष जुलाई के बाद सीबीएसई ने सीटेट की परीक्षा नहीं ली है।
देशभर के लाखों पात्र अभ्यर्थी सीटेट की परीक्षा के इंतजार में हैं। लेकिन परीक्षा पैटर्न में अगर बदलाव होता है तो उन्हें नए सिरे से तैयारी करनी पड़ेगी।
उधर, सीटेट के संयुक्त सचिव आरजे खंडेराव ने कहा कि जल्द केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा का शेड्यूल जारी किया जाएगा। एनसीटीई की ओर से सीटेट परीक्षा ऑनलाइन करवाने का प्रस्ताव मिला है। इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है कि इस बार से लागू करना है या अगली बार से।
ऑनलाइन परीक्षा होना तय
राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद के चेयरमैन ए संतोष मैथ्यू ने कहा कि शिक्षकों की गुणवत्ता में सुधार के लिए सीटेट के पेपर से लेकर परीक्षा तक बदलाव किया जा रहा है।
सीटेट को पेन-पेपर मोड की बजाय कंप्यूटर के माध्यम से ऑनलाइन करवाने को लेकर सीबीएसई से चर्चा हुई है। इसके अलावा सीटेट के पैटर्न में भी कुछ बदलाव किया जाएगा।