देश की नामी कंपनी मारुति सुजुकी ने प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खोल दिए हैं। कंपनी ने आईटीआई मंडी में तीन मई को साक्षात्कार रखे हैं। खास बात यह है कि कंपनी सिर्फ उन युवाओं को रोजगार देगी, जिनकी योग्यता मात्र दसवीं और 12वीं है।
ऐसे युवाओं को कंपनी भारत सरकार के सीटीएस स्कीम के तहत संचालित गुरुग्राम और मानेसर प्लांट में मुफ्त दो साल का ऑटोमोटिव इन मैन्युफैक्चरिंग कोर्स करवाएगी।
इसका खर्च कंपनी ही वहन करेगी। इस दौरान कंपनी प्रशिक्षुओं को 11278 रुपये स्टाइपंड भी देगी। साथ में वर्दी, जूते और स्टडी का पूरा सामान उपलब्ध करवाएगी। दो साल के प्रशिक्षण के बाद इन युवाओं को एनसीबीटी का प्रमाण पत्र दिया जाएगा, जो कि 140 देशों में मान्य है।
आईटीआई मंडी के प्लेसमेंट अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि कंपनी आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को बेहतर मौका दे रही है। उन्होंने योग्यता पूरी करने वाले सभी युवाओं से इस रोजगार मेले में आने का आग्रह किया है।
इस प्रकार होगी चयन प्रक्रिया- कंपनी के प्रतिनिधि आईटीआई मंडी में 3 मई को युवाओं की लिखित परीक्षा लेंगे। टेस्ट पास युवाओं का 4 मई को पर्सनल इंटरव्यू होगा। पर्सनल इंटरव्यू में पास युवाओं को कंपनी प्रशिक्षण देगी। इसके आगे कोई औपचारिकता या टेस्ट नहीं होगा। सभी चयनित युवाओं को कंपनी गुरुग्राम और मानेसर प्लांट में भेजेगी।
यह रहेगी योग्यता और औपचारिकताएं- चयन प्रक्रिया में 10वीं और 12वीं पास युवा ही भाग ले सकेंगे। इससे अधिक योग्यता वाले भाग नहीं ले सकते। युवाओं की आयु 18 वर्ष से कम और 21 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। साक्षात्कार के लिए फोटो युक्त पहचान पत्र और पांच पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है।
रोजगार मेले में 250 युवाओं को मिली नौकरी- हमीरपुर। बहु तकनीकी संस्थान बडू में सोमवार को रोजगार मेला लगाया गया। इसका शुभारंभ ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने किया। उनके साथ स्थानीय विधायक नरेंद्र ठाकुर भी उपस्थित रहे।
इस दौरान प्रत्येक कंपनी में 20 से 25 पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लिए गए। कंपनी में वेल्डर, मेकेनिकल, कंप्यूटर ऑपरेटर, मशीनिस्ट आदि 250 पदों के लिए युवाओं का चयन किया गया। कंपनियों में विभिन्न पदों को भरने के लिए लिखित परीक्षा का भी आयोजन किया गया।
लिखित परीक्षा में करीब 1000 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। संस्थान में सुबह से अभ्यर्थियों की भीड़ लगना शुरू हो गई थी। रोजगार मेला सीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट जालंधर ने आयोजित किया है। रोजगार मेले में 13 कंपनियों ने शिरकत की।
इंस्टीट्यूट के चेयरमैन चरण जीत सिंह का कहना है कि इस रोजगार मेले में करीब 1000 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इस मेले में 13 कंपनियों ने शिरकत की। इसमें प्रत्येक कंपनी में 20 से 20 पद भरे जाने हैं।