स्कूल शिक्षा बोर्ड इस साल प्रदेश के 600 मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करेगा। इसके लिए विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की है। बोर्ड ने मार्च-2019 में संचालित जमा दो और दसवीं कक्षा की परीक्षा में 88 या इससे अधिक प्रतिशत अंक लिए हों, उन्हें छात्रवृत्ति प्रदान करेगा।
600 मेधावियों की सूची में जमा दो साइंस संकाय के 100, कला और कॉमर्स के 100 और दसवीं कक्षा के 400 मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति के लिए पात्र किया है। बोर्ड ने सभी पात्र विद्यार्थियों की सूची और सहमति पत्र वेबसाइट के छात्र कॉर्नर के छात्रवृत्ति लिंक पर उपलब्ध करवा दिए हैं। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने कहा कि छात्र अपने आवेदन/सहमति और बिल प्रपत्र बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड कर प्रधानाचार्यों से सत्यापित करवाकर फार्म को स्कैन कर वेबसाइट पर अपलोड कर सकते हैं।
इसकी हार्ड कॉपी भी डाक से बोर्ड सचिव को भेजनी होगी। उन्होंने प्रधानाचार्यों को हिदायत दी है कि एससी, एसटी और ओबीसी को छोड़कर सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को केवल एक ही विभाग/संस्था से छात्रवृत्ति देय होगी। इसके लिए संबंधित प्रधानाचार्य छात्र के सहमति प्रपत्र/बिल प्रपत्र सत्यापित करते समय सभी तथ्य जांच लें, ताकि छात्रवृत्ति एक ही विभाग/संस्था से प्रदान की जा सके। छात्रवृत्ति मेरिट के आधार पर छात्रों को प्रदान की जाएगी।