प्रदेश में आयुर्वेद डॉक्टरों की बैच आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कुल 100 पद भरे जाएंगे। सामान्य वर्ग के लिए 65 पदों पर भर्ती होगी। राज्य आयुर्वेद निदेशालय ने इसके लिए 20 अप्रैल तक आवेदन मांगे हैं।
आयुर्वेद निदेशक डा. आरके प्रुथी की ओर से जारी भर्ती आदेश के मुताबिक आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों के कुल 100 पदों में से सामान्य वर्ग के 65, अनुसूचित जाति के 15, अनुसूचित जनजाति के 8 और ओबीसी के लिए 12 पदों पर भर्ती होगी।
तमाम श्रेणियों के लिए 12/2012 के बैच पर भर्ती होगी। शैक्षणिक योग्यता में किसी भी मान्यताप्राप्त संस्थान से आयुर्वेद में कम से कम पांच साल की डिग्री का होना अनिवार्य होगा। इसके लिए आयु सीमा 45 साल रखी गई है।
आयु सीमा में आरक्षित वर्गों को नियमानुसार लाभ देय होगा। भर्ती आदेश में साफ कहा गया है कि नियुक्ति कहीं भी की जा सकती है। ये दुर्गम और कठिन क्षेत्रों मेें भी की जा सकती है।
जहां आवेदन सामान्य क्षेत्रों से 20 अप्रैल तक निदेशालय तक पहुंचने चाहिए, वहीं जनजातीय क्षेत्रों से ये 30 अप्रैल तक स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवार का बोनाफाइड हिमाचली होना जरूरी होगा।