इंदिरा मैदान में सेना भर्ती के पहले दिन युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। दौड़ में बिलासपुर जिले के युवाओं ने खूब पसीना बहाया। कड़ाके की ठंड में भर्ती मैदान के पास रात को ही युवाओं की लाइनें लगनी शुरू हो गई थीं। सेना भर्ती के लिए बिलासपुर से करीब 3352 युवाओं ने पंजीकरण करवाया था। एफिडेविट न होने के कारण कई युवाओं को भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया।
हालांकि, युवाओं को सेना के अधिकारियों की ओर से सुबह दस बजे तक एफिडेविट लेकर भर्ती में शामिल होने के कहा गया था, लेकिन 3352 में से 1818 युवा ही एफिडेविट लेकर दौड़ में प्रवेश कर पाए। शारीरिक मापदंड पूरा करने के बाद 1818 युवाओं में से मात्र 352 युवा ही सेना भर्ती की मैदान की बाधा पार कर पाए। उधर, सेना भर्ती कार्यालय निदेशक कर्नल सतीश कुमार ने बताया कि सेना भर्ती के पहले दिन बिलासपुर जिले से 3352 युवाओं ने आवेदन किया था।
इसमें 1818 युवाओं ने सेना भर्ती के लिए दौड़ लगाई। उन्होंने बताया कि 1818 युवाओं में से 352 युवाओं ने दौड़ पूरी की है। कर्नल सतीश कुमार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया अभी जारी है। सेना भर्ती कार्यालय निदेशक कर्नल सतीश कुमार ने कहा कि कोई भी युवा दलालों के चक्कर में न आएं। सेना भर्ती में पूरी तरह से पारदर्शिता बरती जा रही है।
युवा साथ लेकर आएं एफिडेविट
बिलासुपर के बाद शुक्रवार को हमीरपुर तथा शनिवार को ऊना जिले के युवाओं की भर्ती होगी। किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए सेना भर्ती कार्यालय ने युवाओं से एफिडेविट अपने साथ बनवाकर लाने को कहा है। वीरवार को भी एफिडेविट न बनने के कारण युवाओं को भर्ती से वंचित रहना पड़ा। सेना ने अपने वेबसाइट पर इससे संबंधित पूरी जानकारी पहले ही दे रखी है।