हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने वीरवार को राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू के सभागार में आर्किटेक्चर इंजीनियरिंग के लिए काउंसलिंग का आयोजन किया। सुबह दस बजे शुरू हुई काउंसलिंग प्रक्रिया एक बजे तक चली। महज चार घंटे में ही 40 सीटों में से 33 सीटें फुल हो गईं। आर्किटेक्चर इंजीनियरिंग के लिए युवाओं में काफी उत्साह देखा गया।
काउंसलिंग के दौरान आरक्षित वर्गों के लिए योग्य विद्यार्थी नहीं मिले। इसके चलते 7 सीटें खाली रह गईं। काउंसलिंग प्रक्रिया नगरोटा बगवां स्थित आर्किटेक्चर इंजीनियरिंग कॉलेज के एचओडी डॉ. सतीश कटवाल और हिप्र तकनीकी विवि के डीन अकादमिक डॉ. एनएन शर्मा की अध्यक्षता में हुई।
डॉ. सतीश कटवाल ने कहा कि पहली बार प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेज में आर्किटेक्चर इंजीनियरिंग विभाग शुरू हुआ है। नगरोटा बगवां में चलने वाली कक्षाओं के लिए 40 सीटें स्वीकृत हैं। इसके लिए काउंसलिंग का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि 33 सीटें फुल हो गई हैं।
जबकि सामान्य डिफेंस की 02 सीटें, सामान्य आईआरडीपी की 02, सामान्य शारीरिक दिव्यांग की 01, पिछड़ा वर्ग से 01 और एससी आईआरडीपी की 01 सीटे के लिए कोई भी योग्य विद्यार्थी नहीं मिलने से खाली रह गई हैं। उन्होंने बताया कि इन सीटों को भरने के लिए अब 08 अगस्त को दोबारा काउंसलिंग होगी।