अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की ओर से ली जाने वाली एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा और हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड की तरफ से आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा एक ही दिन होने से अभ्यर्थी परेशान हो गए हैं। एम्स इसी माह की 27 तारीख को देशभर के चिन्हित परीक्षा केंद्रों पर एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा ले रहा है।
प्रवेश परीक्षा का समय 27 मई सुबह 9 बजे से साढ़े बारह बजे का है। इस परीक्षा के लिए देशभर के अलावा हिमाचल से भी हजारों विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। आवेदन के समय परीक्षा शुल्क भी जमा करवाया। इसके अलावा दिन-रात प्रवेश के लिए मेहनत की है।
कइयों ने नामी संस्थानों में कोचिंग भी ली है, लेकिन अब प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने लेटरल एंट्री एंट्रेंस टेस्ट (लीट) की तिथि घोषित कर दी है। लीट भी एम्सी की एमबीबीएस की परीक्षा के साथ 27 मई को एक ही दिन होगा। कई विद्यार्थियों ने तकनीकी शिक्षा बोर्ड की लीट और एमबीबीएस दोनों के लिए आवेदन किया है।
अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि दोनों परीक्षाएं अलग-अलग होने से वह दोनों परीक्षाओं में भाग ले सकेंगे। अब उनके सपने चकनाचूर होते दिख रहे हैं। अभ्यर्थियों में विशाल शर्मा, विनोद कुमार, राहुल वर्मा, साक्षी वर्मा, शैलजा, स्वाति और प्रियंका ने सरकार से मांग की है कि दोनों परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया जाए, ताकि वे परीक्षाओं में भाग ले सकें।
उधर, हिप्र तकनीकी शिक्षा बोर्ड के सचिव सुनील वर्मा ने कहा कि बोर्ड ने लीट के बारे में वेबसाइट पर आवेदन के समय ही परीक्षा तिथि और परिणाम की तिथि अपलोड कर दी थी। लीट के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के पास पहले ही पूरी जानकारी होती है। इसके चलते अब कम समय में इस परीक्षा में फेरबदल करना मुश्किल होता है।