हिमाचल विवि के यूआईटी के इंजीनियरिंग बीटेक कोर्स और यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ बिजनेस स्टडीज के बीसीए और बीबीए कोर्स में नए सत्र में प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। कोर्स में प्रवेश को ऑनलाइन आवेदन के लिए एडमिशन पोर्टल खोल दिया गया है। विवि वेबसाइट पर प्रॉस्पेक्ट्स उपलब्ध है। इसके के लिए 15 जून अंतिम तिथि तय की गई है। लॉकडाउन के कारण अभी प्रवेश परीक्षा की तिथि निर्धारित नहीं की गई है। यूसीबीएस में चल रहे बीसीए और बीबीए कोर्स और यूआईटी की ओर से करवाए जाने वाले कोर्स के लिए पात्रता क्षेत्र और अन्य जानकारी प्रॉस्पेक्टस में दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन फीस भी निर्धारित की गई है। सामान्य वर्ग में सब्सिडाइज्ड सीटों के लिए 400 रुपये और नॉन सब्सिडाइज्ड सीटों के लिए 900 रुपये और एससी, एसटी, अंतोदय, आईआरडीपी वर्ग में सब्सिडाइज्ड सीटों के लिए 250 रुपये और नॉन सब्सिडाइज्ड सीटों के लिए 900 रुपये फीस जमा करवानी होगी। बीबीए कोर्स के लिए सब्सिडाइज्ड वर्ग में 40 सीटें, नॉन सब्सिडाइज्ड वर्ग में 20 सीटें हैं। सिंगल गर्ल वर्ग में 2 सीटें, जम्मू-कश्मीर माइग्रेंट्स के लिए 2 और विवि के कर्मचारियों के बच्चों के लिए 3 सीटें निर्धारित हैं। बीसीए कोर्स के लिए सब्सिडाइज्ड वर्ग की 30 सीटें, नॉन सब्सिडाईज्ड वर्ग की 20 सीटें रहेगी।