प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की जमा दो कंपार्टमेंट परीक्षा में पास हुए करीब बारह हजार छात्रों को हिमाचल प्रदेश विवि ने बड़ी राहत दी है। विश्वविद्यालय ने कॉलेजों में प्रवेश लेने के लिए अब तारीख 20 जुलाई तक बढ़ा दी है। अमर उजाला ने इन हजारों छात्रों की समस्या को 14 जुलाई के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
दरअसल कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया 11 जुलाई को समाप्त हो गई थी। लेकिन, बारहवीं की कंपार्टमेंट परीक्षा का परिणाम 12 जुलाई को घोषित हुआ। ऐसे में इस परीक्षा में पास हुए छात्रों की परेशानी को देखते हुए एचपीयू ने यह फैसला लिया है।
कुलपति प्रो. राजिंद्र सिंह चौहान इसकी पुष्टि की है। अब प्रदेश भर के सभी विवि से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में ये छात्र बीस जुलाई तक प्रवेश ले सकेंगे।