अंतर विषयक अध्ययन विभाग ने आनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ा दी है।हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में आईआईएचएस में चल रहे चार कोर्स को चलाने के लिए बनाए गए अंतर विषयक अध्यन विभाग ने अपने चारों कोर्स को आनलाइन आवेदन करने की तिथि 15 मई तक बढ़ा दी है ।
इसके लिए एडमिशन पोर्टल को पुन: खोल दिया गया है। विभाग में वर्तमान में एमबीए ग्रामीण विकास ( 50 सीटों ) एमएससी पर्यावरण विज्ञान(30 सीटों ), एमएफए पहाड़ी मिनियेचर (पेंटिंग की 20 सीटों ) डिप्लोमा आपदा प्रबंधन (20 सीटों ) के लिए आनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
आईआईएचएस के निदेशक अरविंद कुमार भट्ट ने माना कि नए बने इस विभाग की प्रवेश प्रक्रिया अधिष्ठाता अध्ययन कार्यालय के माध्यम से ही संचालित की जा रही है। अंतर विषयक अध्ययन विभाग के इन कोर्स को देरी से अन्य पीजी कोर्स के साथ शामिल किया गया था। इसलिए इसके लिए आनलाइन आवेदन करने को छात्रों को पर्याप्त समय नहीं मिल पाया था।
इसी कारण इन चारों कोर्स में प्रवेश लेने के लिए आनलाइन आवेदन की तिथि को 15 मई तक बढ़ाया गया है। इसके लिए पहले ही कुलपति से मंजूरी ली गई थी। आने वाले आवेदनों के बाद होने वाली प्रवेश परीक्षा के प्राप्तांक और काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी होने पर प्रवेश की मेरिट तैयार कर छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा।