अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रांत इकाई प्रदेश सरकार की शिक्षा नीतियों और छात्र विरोधी फैसलों के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करने का एलान किया है। प्रांत मंत्री आशीष सिक्टा, विवि इकाई अध्यक्ष गौरव अत्री, प्रांत सह सचिव निरूपा सहित अन्य नेताओं ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह खुलासा किया।
नेताओं ने कहा कि सरकार और विवि प्रशासन की तमाम छात्र तथा शिक्षा विरोधी नीतियों और फैसलों के खिलाफ छेड़ जा रहे इस आंदोलन में 24 जून को सभी कॉलेजों में इकाई स्तर के प्रदर्शन कर प्राचार्य के माध्यम से सरकार को मांग पत्र सौंपे जाएंगे। 27 जून को विवि सहित कॉलेजों में धरने- प्रदर्शन होंगे।
5 जुलाई को कॉलेजों की स्थानीय मांगों को उठाने को धरना प्रदर्शन किए जाएंगे।16 जुलाई को सरकार की छात्र विरोधी नीतियों और फैसलों का विरोध करने को प्रदर्शन होंगे, इसमें पुतला दहन किया जाएगा। जबकि 19 जुलाई को परिसरों में रूसा को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।
सिक्टा ने कहा कि 22 जुलाई को परिसरों में सांके तिक भूख हड़ताल होगी, पर्चा वितरण होगा। उन्होंने कहा कि सभी कॉलेजों से छात्रों को लामबंद कर तमाम छात्र विरोधी फैसलों को वापस करने को मानसून सत्र में विधानसभा घेराव करने की भी तैयारी है। संगठनात्मक गतिविधियों में दस से 25 जुलाई तक प्रदेश भर के कॉलेजों मार्ग दर्शन केंद्र लगाए जाएंगे, संगठन का सदस्यता अभियान भी चलाया जाएगा।
सिक्टा ने कहा कि फीस बढ़ोतरी, रूसा की खामियों से छात्रों को पेश आ रही परेशानियों के साथ तमाम छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर एबीवीपी ने पालमपुर में बीते दिनों हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में आंदोलन की रणनीति तैयार की गई है। इसमें 120 से अधिक कार्य र्ताओं और संगठन नेताओं ने भाग लिया।
उन्होंने कहा कि एबीवीपी रूसा के कारण छात्रों को अन्य विश्वविद्यालयों में पेश आ रही परेशानी, परीक्षा परिणाम घोषित न होने, फीस पर बनी हाई पावर कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने, छात्र संघ चुनाव बहाली जैसी तमाम छात्रों से जुड़ी मांगों को लेकर आंदोलन पर उतर रही है, जो पूरी न हुई तो आंदोलन और तीखा किया जाएगा।